कांटी थाना के पहाड़पुर में सुधा डेयरी के पास स्थित ओवरब्रिज पर मंगलवार की रात करीब 11 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने चकिया से लौट रहे फोटोग्राफर राजकुमार साह (41) से बाइक लूटने का प्रयास किया। फोटोग्राफर के विरोध करने और शोर मचाने पर अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली उसके बायें जबड़े में लगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची कांटी पुलिस ने घायल को बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

कांटी थानेदार कुंदन कुमार ने बताया कि राजकुमार साह सदर थाना के महम्मदपुर पताही का रहने वाला है। चकिया में शादी समारोह में फोटोग्राफी करने गया था। वहां से अकेले बाइक से लौट रहा था। बाइक सवार दो अपराधियों ने उसे पहाड़पुर ओवरब्रिज पर उससे बाइक लूटने का प्रयास किया। लूट में सफल नहीं होने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली उसके जबड़े में लगकर उसी में फंस गई। सूचना पर गश्ती दल को भेजा गया। घायल का बैरिया स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। देर रात जख्मी के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल वह बोलने की स्थिति में नहीं है। उसका बयान नहीं हो सका है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सादतपुर, पहाड़पुर व लसगरीपुर में छापेमारी कर रही है। इधर, डॉक्टर गौरव वर्मा ने बताया कि जख्म गहरा है। गोली ऑपरेशन कर निकाला गया है। जख्मी की स्थिति अभी गंभीर है।




